नही रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह राष्ट्रपति कोविंद पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने जताया दुःख

बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का आज 82 साल की उम्र निधन हो गया। जसवंत सिंह काफी दिनों से बीमार थे। जसवंत सिंह का अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्री कार्यकाल में एक बड़ा कद था। उस समय वे सरकार में कैबनेट मंत्री थे। जसवंत सिंह निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद , पीएम नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति वैंकयानायडू, गृहमंत्री अमितशाह , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई नेताओं ने दुःख जताया।
जसवंत सिंह पहले भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी के रूप में देश की सेवा की उसके बाद वे राजनीति में आये और कई महत्व पूर्ण पदों पर रहकर देश की सेवा की।

उनके निधन पर राष्ट्रपति ने ट्वीट कर लिखा वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, उत्कृष्ट सांसद, असाधारण जननेता और बुद्धिजीवी श्री जसवंत सिंह के निधन से बहुत दुःख हुआ। उन्होंने अनेक कठिन भूमिकाओं को सहजता और धैर्य के साथ निभाया। उनके परिवार, मित्रों और सहयोगियों के प्रति मेरी शोक-संवेदना।

उपराष्ट्रपति वैंकयानायडू ने ट्वीट कर लिखा वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री जसवंत सिंह जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। वे वास्तव में जन नायक थे जिन्होंने विभिन्न भूमिकाओं में राष्ट्र की सेवा की। एक प्रबुद्ध सांसद, कुशल प्रशासक और सार्वजनिक जीवन में उनके मर्यादित आचरण के लिए उन्हें सदैव स्मरण किया जायेगा। शोक संतप्त परिजनों तथा मित्रों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर लिखा, ‘जसवंत सिंह जी को राजनीति और समाज के मामलों पर उनके अनूठे दृष्टिकोण के लिए याद किया जाएगा. उन्होंने भाजपा को मजबूत बनाने में भी योगदान दिया. मैं हमेशा हमारी बातचीत को याद रखूंगा. उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना.’

प्रधानमंत्री मोदी ने अगले ट्वीट में लिखा, ‘जसवंत सिंह जी ने हमारे देश की सेवा पूरी मेहनत से की, पहले एक सैनिक के रूप में और बाद में राजनीति के साथ अपने लंबे जुड़ाव के दौरान. अटल जी की सरकार के दौरान उन्होंने महत्वपूर्ण विभागों को संभाला और वित्त, रक्षा और बाहरी मामलों की दुनिया में एक मजबूत छाप छोड़ी. उनके निधन से दुखी हूं.’

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘श्री मानवेंद्र सिंह से बात की और जसवंत सिंह जी के निधन पर शोक व्यक्त किया. जसवंत जी पिछले 6 साल से पूरी बहादुरी से बीमारी से लड़ रहे थे.’ मानवेंद्र सिंह जसवंत सिंह के बेटे हैं।

गृहमंत्री अमितशाह ने ट्वीट कर लिखा देश के वरिष्ठ राजनेता एवं अटल जी की कैबिनेट में मंत्री रहे जसवंत सिंह जी का निधन दुःखद है और देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। सरकार व संगठन में विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने अपनी कर्तव्यनिष्ठा से एक गहरी छाप छोड़ी है। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। ॐ शांति

राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर लिखा, ‘अनुभवी भाजपा नेता और पूर्व मंत्री श्री जसवंत सिंह जी के निधन से गहरा दुख हुआ. उन्होंने रक्षा मंत्रालय के प्रभारी सहित कई क्षमताओं में देश की सेवा की. उन्होंने खुद को एक प्रभावी मंत्री और सांसद के रूप में प्रतिष्ठित किया. श्री जसवंत सिंह जी को उनकी बौद्धिक क्षमताओं और देश की सेवा में के लिए याद किया जाएगा. उन्होंने राजस्थान में भाजपा को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. इस दुख की घड़ी में उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना.’

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ट्वीट कर लिखा, ‘पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री जसवंत सिंह जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूँ. सैन्य अधिकारी व एक कुशल राजनीतिज्ञ के रूप में उन्होंने देश की उत्कृष्ट सेवा की. दोनों ही भूमिकाओं में उनकी सूझबूझ ने देश को अनेक बार विषम परिस्थितियों से बाहर निकाला. शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं.’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर लिखा पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता श्री जसवंत सिंह जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व परिजनों को इस आघात को सहने की क्षमता प्रदान करें। ॐ शांति।

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावेडकर ने ट्वीट कर लिखा पूर्व रक्षा एवं विदेश मंत्री जसवंत सिंहजी के निधन से अत्यंत दुख हुआ। जसवंत सिंह जी अटल जी के सहयोगी रहे। प्रशासन का उनका अनुभव वाजपेयी सरकार में देखने को मिला। ईश्वर उनकी दिवंगत आत्मा को शांति दे और उनके परिवारजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे | ॐ शांति