पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह का आज 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया राष्ट्रपति समेत इन्होने जताया दुःख

पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह का आज 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दुःख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा श्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन का समाचार दुखद है। जमीन‌ से जुड़े व ग्रामीण भारत की असाधारण समझ रखने वाले रघुवंश बाबू का कद बहुत ऊंचा था। अपने संतों जैसे सादा जीवन से उन्होंने सार्वजनिक जीवन को विशेष गरिमा प्रदान की। उनके परिवार, समर्थकों व प्रशंसकों को मेरी शोक-संवेदनाएं!

रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा कि पूर्व केन्द्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता श्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर स्तब्ध हूं!
आप प्रबुद्ध सांसद और लोकप्रिय राजनैतिक कार्यकर्ता रहे। अपने लंबे और यशस्वी सार्वजनिक जीवन में दुर्बल वर्गों के हितों और ग्रामीण विकास के सशक्त स्वर रहे।

उन्होंने आगे लिखा कि ग्रामीण विकास के लिए मनरेगा जैसे कार्यक्रमों के कार्यान्वयन में रघुवंश बाबू का योगदान सदैव याद किया जायेगा। शोक संतप्त परिजनों, समर्थकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना… ओम शान्ति!

कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने ट्वीट कर लिखा श्री रघुवंश प्रसाद सिंह जी के निधन के साथ ही गाँव व किसान की एक मज़बूत आवाज़ सदा के लिए खो गई है। गाँवों व किसानों के उत्थान के लिए उनकी सेवा और लगन तथा सामाजिक न्याय के लिए उनके संघर्ष को सदा याद रखा जाएगा। मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि।

प्रियंका गाँधी ने कहा कि ग्रामीण इलाकों, खेत-खलिहानों और सामाजिक न्याय की मजबूत आवाज श्री रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन भारतीय राजनीति के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। रघुंवश जी को उनके योगदान के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।

बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने कहा कि पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं प्रख्यात समाजवादी नेता डॉ० रघुवंश प्रसाद सिंह जी का निधन दुःखद। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें तथा उनके परिजनों और प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति दें।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सादगी की अप्रतिम मिसाल, ग्रामीण पृष्ठभूमि से संबंध रखने वाले वरिष्ठ राजनेता श्री रघुवंश प्रसाद सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद है। ग्राम्य विकास मंत्रालय में उन्होंने सराहनीय कार्य किया। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति!

बिहार के डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने कहा कि रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन बिहार के सार्वजनिक जीवन को बड़ी क्षति है। उन्होंने सिद्धांत की राजनीति की, राजनीति के लिए सिद्धांत नहीं छोड़ा। वे परिवारवाद, भ्रष्टाचार और मूल्यहीनता के विरुद्ध अपनों से लड़े और जीवन की आखिरी सांस तक योद्धा रहे।
ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।

बतादें कि उन्हें जून में ही कोरोना हो गया था तभी से वो अस्पताल में भर्ती थे। कोरोना के बाद की दिक्कतों को लेकर परेशान थे। इसलिए उन्हें दिल्ली के एम्स AIIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन उनके हालत में सुधार नहीं हो रहा था। उन्हें कई दिनों से वह वेंटिलेटर पर रखा गया था। लेकिन उनको बचाया नहीं जा सका और आज उनका दिल्ली के एम्स AIIMS अस्पताल निधन हो गया। उन्होंने अभी हाल ही में आरजेडी से छोड़ने का ऐलान किया था। रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर पूरे देश में शोक का माहौल है।