भाजपा विधायक बोले- जो वहां पीड़ित हैं वो हिंदुस्तान आ जाएं और यहां के पाक चले जाएं

नागरिकता संशोधन कानून पर मचे सियासी घमासान के बीच भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक ने पाकिस्तान को भी एक ऐसा ही कानून बनाने की सलाह दे डाली है। मुजफ्फरनगर के खतौली विधानसभा क्षेत्र से विधायक विक्रम सैनी ने कहा है कि पाकिस्तान को भी एक ऐसा कानून बनाना चाहिए जिससे कि भारत के पीड़ित मुस्लिमों को वहां की नागरिकता दी जा सके। बीजेपी विधायक विक्रम सैनी ने कहा, ‘पाक को भी ऐसा कानून बनाना चाहिए, जो मुस्लिम यहां पर पीड़ित हैं उनको पाक में नागरिकता देनी चाहिए। अदला बदली कर लो, जो वहां पीड़ित हैं वो हिंदुस्तान आ जाएं, जो यहां पीड़ित हैं वो पाक चले जाएं। कौन रोक रहा है।’