विपक्ष के राष्ट्रपति चुनाव के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने अपना नामांकन दाखिल किया

विपक्ष के राष्ट्रपति चुनाव के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी, NCP प्रमुख शरद पवार, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, NC प्रमुख फारूक अब्दुल्ला और अन्य नेता मौजूद रहे। यशवंत सिन्हा के अपना नामांकन दाखिल करने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने कहा कि ये दो अलग-अलग विचारधाराओं की लड़ाई है। एक तरफ नफरत है और एक तरफ भाईचारा और देश की भावना है। पूरा विपक्ष राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के साथ खड़ा है।

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम लोगों को 17 से ज्यादा पार्टियों का समर्थन है और जिन लोगों को हमने संपर्क नहीं किया उन लोगों ने खुद हमारे राष्ट्रपति उम्मीदवार यशवंत सिन्हा जी को फोन किया और उनसे बात की। अब शायद सभी पार्टियों के मिल जाने के बाद एक नजदीकी लड़ाई होगी। टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कहा कि यह लड़ाई दो व्यक्तियों के बीच नहीं बल्कि विचारधारा की लड़ाई है। मुझे लगता है कि यशवंत सिन्हा सबसे अच्छे उम्मीदवार हैं। कांग्रेस, DMK, RJD, NCP और अन्य उनका समर्थन कर रहे हैं। यह देश के सर्वोत्तम मूल्यों का इंद्रधनुषी रंग का गठबंधन है।