अखिलेश यादव ने झांसी जिला कारागार में पूर्व विधायक दीपक यादव से मुलाकात की

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज झांसी जिला कारागार में 3 महीनें से बंद समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह उर्फ दीपक यादव से मुलाकात की और उनका हाल चाल जाना। बाद में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर नाकाम रही है, अपनी नाकामी छुपाने के लिए वह अधिकारियों पर दबाव बनाकर समाजवादी पार्टी के नेताओं को चिह्नित कर उन्हें बदनाम करने तथा फर्जी मुकदमों में फंसाने का काम कर रही है। समाजवादी पार्टी इस अन्याय के खिलाफ लड़ेगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने न्याय को खत्म कर दिया है। इस सरकार में कोई न्याय की उम्मीद नहीं कर सकता है। सरकार इस काम में संस्थाओं का भी इस्तेमाल कर रही है। अधिकारी बताते है कि उन पर ऊपर से दबाव है। शायद मुख्यमंत्री जी खुद इसमें दखल दे रहे हैं। उन्होंने कहा सबका समय आता है। सरकारी इशारे पर विपक्ष के खिलाफ बदले की कार्यवाही दुःखद है। हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और उससे हमें न्याय मिलने की उम्मीद है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। जनता की समस्याओं का कोई समाधान नहीं है। आम जनता, किसान, नौजवान, व्यापारी सभी परेशान है। योगी सरकार पूरी तरह तानाशाही पर उतारू है। केन्द्र और राज्य की दोनों सरकारें बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रही है। पत्रकारों को भी सच्चाई लिखने पर फर्जी केसों में फंसा कर जेल भेजा जाता है।