आज से शुरू हुआ ‘श्रावण मास’ सीएम योगी ने की पूजा अर्चना

आज से ‘श्रावण मास’ का शुभारम्भ हो रहा है। ‘श्रावण मास’ भगवान भोले नाथ का महीना है इस महीने में भगवान भोले नाथ के भक्त उनकी उपासना करते हैं। धार्मिक गुरुओं के अनुसार सावन के महीने में जो भी व्यक्ति भूत भावन भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना करता है। भगवान भोलेनाथ उस व्यक्ति के जीवन में दुखों को नष्ट करके सुख-समृद्धि प्रदान करते हैं, और अपने भक्तों की सभी मनोकामनाओं को पूर्ण करते हैं। सावन के महीने में लोग दूर दूर से कावड़ में गंगा जल ले जा कर शिव मंदिरों में महादेव का जलाभिषेक करते हैं। हमारे देश में कावड़ यात्रा बड़े धूम धाम के साथ निकली जाती है। कावड़ यात्रा का कार्यक्रम पूरे महीने चलता है।

सावन महीना प्रारम्भ होने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी भक्तों को बधाई दी है उन्होंने ट्वीट कर कहा हैं कि देवों के देव महादेव जी का अति प्रिय पावन ‘श्रावण मास’ आज से प्रारंभ हो रहा है। सभी प्रदेश वासियों व असंख्य श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। भगवान भोलेनाथ की असीम अनुकंपा हम सभी पर बनी रहे। सम्पूर्ण विश्व का कल्याण हो। जय भोलेनाथ!

पवित्र ‘श्रावण मास’ के प्रथम दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर स्थित मानसरोवर मंदिर में भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर लोक-कल्याण की कामना की। जिसके उपरांत योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज पवित्र सावन मास की प्रथम तिथि को गोरखपुर स्थित मानसरोवर शिव मंदिर में मुझे भगवान भोलेनाथ के अभिषेक का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही रामलीला मैदान के सौंदर्यीकरण की परियोजना के लोकार्पण का अवसर भी प्राप्त हुआ है। मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता है कि जनभावनाओं के अनुरूप यहां पर बेहतरीन पर्यटन सुविधाओं का विकास होने के साथ ही सौंदर्यीकरण के पूरे कार्य आज पूरे हो चुके हैं। मंदिरों के बनने के साथ ही यात्री सुविधाओं का विकास हुआ है।