आत्मनिर्भर भारत अभियान बढ़ावा देने के लिए रक्षा मंत्रालय 101 वस्तुओं के आयात पर लगाएगा प्रतिबंध

रक्षा मंत्रालय ने आत्मनिर्भर भारत अभियान को बढ़ावा देने के लिए 101 रक्षा उपकरणों की सूची तैयार की है जिनके आयात पर रोक लगाया जाएगा। इसकी जानकारी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर दी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि रक्षा मंत्रालय अब आत्मनिर्भर भारत पहल के लिए एक बड़ा पुश देने को तैयार है। रक्षा उत्पादन के स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने के लिए रक्षा मंत्रालय 101 से ज़्यादा वस्तुओं पर आयात प्रतिबंध(एम्बार्गो) पेश करेगा। रक्षा मंत्रालय ने 101 वस्तुओं की एक सूची तैयार की है जिनके आयात पर प्रतिबंध होगा। यह रक्षा में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है।

उन्होंने कहा कि इन 101 वस्तुओं में सिर्फ आसान वस्तुएं ही शामिल नहीं हैं बल्कि कुछ उच्च तकनीक वाले हथियार सिस्टम भी हैं जैसे आर्टिलरी गन, असॉल्ट राइफलें, ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट, LCHs, रडार और कई अन्य आइटम हैं जो हमारी रक्षा सेवाओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए हैं। उन्होंने बताया कि 101 रक्षा वस्तुओं के आयात पर रोक लगाने की योजना 2020 से 2024 के बीच चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वित होगी।

सिंह ने टि्वटर पर कहा कि आयात पर प्रतिबंध के लिए चिह्नित सैन्य वस्तुओं के घरेलू स्तर पर उत्पादन की समयसीमा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे तथा आयात पर प्रतिबंध के लिए और भी रक्षा उपकरणों को चरणबद्ध तरीके से चिह्नित किया जाएगा।

यह रक्षा क्षेत्र में आत्म-निर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह भारतीय रक्षा उद्योग को भविष्य में सशस्त्र बलों की आवश्यकताएं पूरी करने के लिए अपने स्वयं के डिजाइन और विकास क्षमताओं का उपयोग करके या रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा डिजाइन और विकसितप्रौद्योगिकियों को अपनाकर नकारात्मक सूची में शामिल वस्तुओं का निर्माण करने के लिए एक बड़ा अवसर प्रदान करेगा।

रक्षा मंत्री ने बताया कि सरकार ने 2020-21 के लिए पूंजीगत खरीद बजट को घरेलू और विदेशी खरीद के बीच दो भागों में आवंटित किया है। सिंह ने कहा कि बजट 2020-21 में घरेलू पूंजीगत खरीद के लिए करीब 52,000 करोड़ रुपये का पृथक मद तैयार किया गया है।