एकनाथ शिंदे होंगे महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री

महाराष्ट्र की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी ने ऐसा दाव चला की सभी भौचक्के रह गए। उद्धव ठाकरे के इस्तीफे के बाद सभी यही अटकल लगा रहे थे कि अगले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस होंगे। लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने अगले मुख्यमंत्री पद के लिए देवेंद्र फडणवीस नहीं बल्कि शिवसेना के बागी विधायक एकनाथ शिंदे का एलान किया। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात के बाद देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमे देवेंद्र फडणवीस ने खुद यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे होंगे।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आज शाम साढ़े सात बजे महाराष्ट्र मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस सरकार में देवेंद्र फडणवीस शामिल नहीं होंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव सरकार पर जमकर निशाना साधा उन्होंने कहा कि 2019 में BJP और शिवसेना साथ में चुनाव लड़ी। पीएम मोदी जी के नेतृत्व में हमें पूर्ण बहुमत मिला। पीएम जी ने चुनाव के दौरान BJP के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की और वो नाम सबको मंजूर भी था।

देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि लेकिन चुनाव के बाद शिवसेना के नेताओं ने निर्णय किया कि बालासाहेब ठाकरे जी ने जिन विचारों का जीवन भर विरोध किया ऐसे लोगों के साथ उन्होंने गठबंधन किया। इसके बाद हमने ढाई साल में एक सरकार देखी जिसमें न कोई तत्व, न कोई विचार और न गति थी। वो लोग चालू इंफ्रास्ट्रक्चर को बंद कर रही थी। वो लगातार भ्रष्टाचार में लिप्त थे।

महाराष्ट्र के मनोनीत मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि शिवसेना के 40 विधायक और निर्दलीय विधायकों को मिलाकर 50 विधायक आज एक साथ हैं। हम लोग हमारे शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे जी की हिंदुत्व की जो भूमिका है उसको आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे है। हमने जो कदम उठाया है वो किसी ने कुछ पाने के लिए नहीं किया है। यह सब एक विचार, बालासाहेब ठाकरे जी का हिंदुत्व और राज्य के विकास की बात है इसलिए हम यह एजेंडा लेकर आगे जा रहे थे।