कांग्रेस पार्टी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का कैम्पेन लॉन्च किया

कांग्रेस पार्टी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का कैम्पेन लॉन्च किया . कांग्रेस पार्टी के नेता जयराम रमेश और दिग्विजय सिंह ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का कैम्पेन लॉन्च किया। इस दौरान जयराम रमेश ने कहा कि आज भारत जोड़ो यात्रा के लोगो, वेबसाइट, टैगलाइन और पुस्तिका का विमोचन होने वाला है। उन्होंने कहा कि कल राहुल गांधी जी सिविल सोसायटी के सदस्यों से मिले, लगभग डेढ़ घंटे की बातचीत हुई, सवाल-जवाब हुए। राहुल गांधी जी ने विस्तार से समझाया कि भारत जोड़ो यात्रा किस संदर्भ में सोची गई है। हमारे देश में जो आर्थिक चुनौतियां हैं, विषमताएं बढ़ती जा रही हैं, एक तरीके से ये विभाजन हो रहा है। इसलिए भारत को जोड़ना है।

जयराम रमेश ने कहा कि 7 सितंबर कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत होगी। करीब 3500 किलोमीटर की लंबी यात्रा होगी, 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेश से होकर गुजरेगी और सभी राज्यों में भारत जोड़ो यात्रा का आयोजन भी होगा। कल जो बैठक हुई उसमें समाजवादी संगठन थे, लोहियावादी संगठन थे, वामपंथ से जुड़े हुए संगठन थे, कांग्रेस समर्थक थे, कांग्रेस के आलोचक भी थे। इनमें काफी संगठन हमारे विरोध में थे, ये सब संगठन समझ गए हैं कि कांग्रेस के सिवा कोई विकल्प नहीं है।

कांग्रेस पार्टी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का कैम्पेन लॉन्च किया। इस अवसर पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि एक तेरा कदम, एक मेरा कदम.. मिल जाए तो जुड़ जाए सारा वतन। ये हमारा मुख्य उद्देश्य है। हम हमारी वेबसाइट को लांच कर रहे हैं, इस वेबसाइट के माध्यम से हमारा ये प्रयास होगा कि जो भी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के साथ जुड़ना चाहता है, वो इस वेबसाइट पर रजिस्टर करे, हमारी तरफ से रिस्पॉन्ड किया जाएगा। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का मकसद- इस देश में जो नफरत का माहौल बना हुआ है, भारतीय संविधान के विपरीत व्यवस्था काम कर रही है, महंगाई-बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। उसी को लेकर उदयपुर के नवसंकल्प शिविर में भारत जोड़ो यात्रा का प्रस्ताव पारित हुआ था।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जी चाहती हैं कि पूरे देश में भारत जोड़ो यात्रा निकाली जाए, जिसमें हर धर्म, हर जाति, हर समुदाय के लोग शामिल हों। ‘नफरत छोड़ो, भारत जोड़ो’ हमारा अभियान रहेगा।उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से आर्थिक-सामाजिक दूरियां बढ़ती जा रही हैं, धार्मिक उन्माद फैलाया जा रहा है, नफरत फैलाई जा रही है, एक-दूसरे की आस्था पर प्रश्नचिन्ह लगाया जा रहा है; ऐसे माहौल में भारत जोड़ो यात्रा देश के लिए आवश्यक है।

खबरों के लिए राष्ट्रकुण्डलिनी न्यूज पर जाये और राष्ट्रकुण्डलिनी न्यूज के ट्विटर हैंडल को भी फॉलो करें।