कारगिल विजय दिवस के मौके पर राष्ट्रपति प्रधानमंत्री समेत इन नेताओं ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

पूरे देश में आज का दिन कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। आज सुबह से ही लोग कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस पर कारगिल में देश की रक्षा के लिए समर्पित सभी वीर योद्धाओं को उनके साहस और सर्वोच्च बलिदान के लिए श्रद्धांजलि दी है। इसके अलावां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कारगिल विजय दिवस पर 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। इसके साथी ही देश के सभी देशवासी सैनिकों को याद कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा है कि “कारगिल विजय दिवस मां भारती की आन-बान और शान का प्रतीक है। इस अवसर पर मातृभूमि की रक्षा में पराक्रम की पराकाष्ठा करने वाले देश के सभी साहसी सपूतों को मेरा शत-शत नमन। जय हिंद!”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के जवानों को यद् करते हुए कहा है कि कारगिल विजय दिवस हमारे सशस्त्र बलों की असाधारण वीरता, पराक्रम और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। भारत माता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सभी वीर सैनिकों को मैं नमन करती हूं। सभी देशवासी, उनके और उनके परिवारजनों के प्रति सदैव ऋणी रहेंगे। जय हिन्द!

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 1999 के कारगिल युद्ध में अपनी जान गंवाने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।

तीनों सेना प्रमुखों थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक कारगिल दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि दी।

गृहमंत्री अमितशाह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सशस्त्र बलों के अदम्य साहस और शौर्य का प्रतीक है। आज का दिन गौरवान्वित होने के साथ ही हमारे जवानों की वीरता का स्मरण कर उसका सम्मान करने का भी दिन है। अपनी बहादुरी से कारगिल से दुश्मनों को खदेड़कर पुन: तिरंगा लहराने वाले जवानों को हृदय से नमन करता हूँ।

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल शहीद स्मृति वाटिका में कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विश्व इतिहास में भारतीय सशस्त्र बलों के अद्भुत पराक्रम, उत्कृष्ट रण-कौशल और अटूट कर्तव्यनिष्ठा के महान प्रतीक ‘कारगिल विजय दिवस’ की सभी को हार्दिक बधाई। माँ भारती की रक्षा हेतु प्राणोत्सर्ग करने वाले सभी रणबांकुरों को भावपूर्ण नमन! जय हिंद!

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कारगिल युद्ध स्वतंत्र भारत का ऐसा युद्ध है जो भारत पर पाकिस्तान ने जबरन थोपा था। भारत के बहादुर जवानों के शौर्य और पराक्रम को दुनिया ने देखा। इस युद्ध में अनेक वीर सैनिकों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था .

कांग्रेस पार्टी के नेता राहुलगांधी ने कहा कि अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए, हमारे जांबाज़ जवानों ने कारगिल युद्ध में हिंदुस्तान की जीत का परचम लहराया था। सेना ने अपने शौर्य और वीरता से तिरंगे पर कभी आंच नहीं आने दी। देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले प्रत्येक सेनानी को श्रद्धांजलि।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि कारगिल विजय दिवस पर मैं देश के सभी वीर सैनिकों के शौर्य, साहस और बलिदान को नमन करता हूँ। हमें अपनी जाँबाज़ सेना और अपने वीर सैनिकों पर गर्व है। सभी देशवासियों को कारगिल विजय दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ। जय हिंद

प्रियंका गाँधी ने कहा कि कारगिल युद्ध में अपने शौर्य व पराक्रम से तिरंगे की आन-बान-शान की रक्षा करने वाले सभी सैनिकों को नमन। युद्ध में शहीद हुए सभी सैनिकों व सैन्य अधिकारियों को मेरी भावपूर्ण श्रद्धांजलि। देश हमेशा आपके बलिदान का ऋणी रहेगा। जय हिंद

मध्य प्रदेश: भोपाल में कारगिल विजय दिवस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कारगिल युद्ध में जान गंवाने वाले जवानों को शौर्य स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में कारगिल दिवस पर युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि दी।

 

जम्मू में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल युद्ध में अपनी जान गंवाने वाले सैनिकों को बलिदान स्तंभ पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।