तेजस्वी यादव ने सोनिया गांधी से मुलाकात की

बिहार उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव आज दिल्ली दौरे पर थे जंहा पर उन्होंने अपने पिता लालू प्रसाद यादव, कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, और विपक्ष के कई बड़े नेताओं से मुलाकात की। मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने मीडिया से कहा कि बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद आज पहली बार हमारी मुलाकात हमारे घटक दलों के शीर्ष नेतृत्व से हुई। डी. राजा, येचुरी जी और सोनिया गांधी से हमारी मुलाकात हुई है। सभी ने हमें बधाई दी। महागठबंधन की ये सरकार मज़बूती से चलेगी। ये जनता की सरकार है।

तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा कि “भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव श्री सीताराम येचुरी जी एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव श्री डी राजा जी से मिलकर देश और राज्य की वर्तमान सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक परिस्थितियों पर सकारात्मक चर्चा हुई। लोकतंत्र की जननी बिहार ने फिर देश को दिशा दिखाई है।”

इससे पहले तेजस्वी यादव ने कहा था कि हमारे(नीतीश-तेजस्वी) बीच नोकझोंक होती रही, लेकिन हम समाजवादी लोग हैं। एक घर में तो भाई-भाई में लड़ाई होती ही है। लेकिन हमारे जो पुरखों की समाजवादी विरासत है उसे कोई और थोड़ी ले जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी का तो मतलब ही है ‘बड़का झूठा पार्टी’। एक वीडियो एडिट करके चलाया गया जिसका जवाब हमने ट्वीट में दे दिया। गिरिराज सिंह से पूछिए कि थोड़ी हिम्मत जुटाकर अपने प्रधानमंत्री से पूछें कि 2 करोड़ रोज़गार का क्या हुआ, बिहार में 19 लाख रोज़गार का क्या हुआ।

बतादें की अभी हल ही में नीतीश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी से गठबंधन तोड़ कर आरजेडी के साथ मिलकर सरकार बनाया है। जिसमे मुख्यमंत्री तो नीतीश कुमार ही हैं लेकिन उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को बनाया गया है। उपमुख्यमंत्री बनने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा तह कि ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि हर बिहारवासी की उम्मीदों पर खरा उतर सकूं। सभी समर्थकों से आग्रह है जश्न मनाने की बजाय काम पर लग जाएं। गरीब-गुरबा को गले लगाए व ईमानदारी से उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करें। आइये हम सब मिलकर बिहार को और अधिक बेहतर बनाएं।