दुमका की घटना पर झारखंड CM हेमंत सोरेन ने फास्ट ट्रैक कोर्ट से कार्यवाही करने के निर्देश दिये

झारखंड: दुमका में कथित तौर पर एक तरफा प्रेम के प्रस्ताव को ठुकराने पर एक लड़के ने 12वीं कक्षा की युवती को आग लगा दिया। जिसमे उसकी मौत हो गई। इस मामले में आरोपी शाहरुख को 23 अगस्त को गिरफ्तार किया गया और दूसरे आरोपी छोटू खान को आज गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को दुमका कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा गया।

दुमका की घटना पर झारखंड CM हेमंत सोरेन ने ANI से कहा कि यह घटना निश्चित तौर पर हृदय विदारक है और क़ानून अपना काम कर रहा है। हमारा काम रहेगा कि आरोपियों को जल्द से जल्द सज़ा मिले। ऐसी घटनाओं के लिए समाज में कोई जगह नहीं है। ऐसी घटनाओं में सज़ा देने वाले प्रावधानों को और कड़ा करने की जरूरत है।

झारखंड के मुख्यमंत्री के कार्यालय की ओर से बयान जारी कर बताया कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुमका में 12वीं की छात्रा की मौत पर दुख जताया है। सीएम ने दुमका प्रशासन को मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपए की सहायता राशि उपलब्ध कराने और फास्ट ट्रैक कोर्ट से कार्यवाही करने का निर्देश दिया है। डीजीपी को जांच की जल्द रिपोर्ट देने को कहा गया है जो एडीजी रैंक के अधिकारी द्वारा की जानी है। सीएम ने आगे कहा कि ऐसी घटना की समाज में कोई जगह नहीं है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

दुमका की घटना पर ANI से केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि ऐसी घटनाओं के लिए कौन जिम्मेदार है?क्या पीड़िता को बचाने के लिए उचित उपाय किए गए थे?आरोपी को कैसे दंडित किया जाएगा? राज्य सरकार को जवाब देना चाहिए। लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए उन्हें एक बयान जारी करना चाहिए। मैं मांग करता हूं कि राज्य सरकार एक स्पेशल टास्क फोर्स का गठन करे जो समय पर चार्जशीट दाखिल करे और फैसला समय पर आए ताकि लोगों को कानून पर भरोसा हो और न्याय हो। राज्य सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने ANI से कहा कि दुमका की घटना से सारा मानवता, समाज और झारखंड शर्मसार हुआ है। राज्य में आदिवासी बच्चियों, महिलाओं के साथ 1000 से ज़्यादा मामले हुए हैं। यह साधारण घटना नहीं है क्योंकि एक संप्रदाय विशेष के लोग लव जिहाद के माध्यम से डेमोग्राफी बदलना चाहते हैं। यह सिर्फ डेमोग्राफिक ही नहीं बदलना चाहते बल्कि ज़मीन का भी जिहाद कर रहे हैं। बंग्लादेशी जिहादियों ने अब तक 10,000 एकड़ ज़मीन हड़प ली है। मैं सरकार से मांग करता हूं की SIT गठन कर इसपर फास्ट्रैक मामला चलाया जाए।

खबरों के लिए राष्ट्रकुण्डलिनी न्यूज पर जाये और राष्ट्रकुण्डलिनी न्यूज के ट्विटर हैंडल को भी फॉलो करें।