देश में कोरोना मामलों की संख्या 40 लाख से अधिक हुई जिसमें से 31 लाख से अधिक लोग हो चुके ठीक

देश में कोरोना महामारी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। इस समय देश में बड़ी तेजी से कोरोना अपने पैर पसार रहा है। देश में लगातार कई दिनों से प्रतिदिन 80 हजार से ज्यादा मामले आ रहे हैं। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 86,432 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही पिछले 24 घंटों में कोरोना से 1,089 लोगों की जान गई है। इसी के साथ देश में अब कोरोना मामलों की कुल संख्या 40 लाख अधिक हो गई है।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताविक देश में अब कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 40,23,179 है। जिसमें से 8,46,395 सक्रिय मामले हैं जिनका इलाज अभी जारी है। जबकि 31,07,223 लोग अबतक कोरोना से ठीक हो चुके हैं। जिन्हे अब अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चूका है। अबतक देश में 69,561 लोगो की मौतें हुई है।

देश में राहत की बात यह है कि कोरोना से लोग लगातार ठीक भी हो रहे हैं। इस समय देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या करीब तीन गुना अधिक हो गई है। पिछले 24 घंटे में, सबसे ज्यादा 70,072 को डिस्चार्ज किया गया। अब ठीक होने की दर बढ़कर 77.23 प्रतिशत हो गई है। इसके कारण कोविड-19 के मामले में मृत्यु दर में भी गिरावट दर्ज की गई है, जो आज के दिन में 1.73 प्रतिशत के नए निचले स्तर पर पहुंच चुका है। वर्तमान समय में सक्रिय मामलों की संख्या देश के कुल पॉजिटिव मामलों का केवल 21.04 प्रतिशत है।

देश में लगातार दो दिन तक रोजाना 11.70 लाख से अधिक परीक्षण किए गए हैं। पूरे देश में अब तक कुल 4 करोड़ और 77 लाख परीक्षण किए जा चुके हैं।