नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री और तेजस्वी यादव ने बिहार के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली

पटना: नीतीश कुमार ने आज राजभवन में बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने नीतीश कुमार को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उनके साथ ही राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने बिहार के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस अवसर पर बिहार के तमाम नेता राजभवन में मौजूद रहे।

बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने का बाद नीतीश कुमार ने कहा कि आप हमारी पार्टी के लोगों से पूछ लीजिए की क्या सबकी स्थिति हुई। मैं मुख्यमंत्री (2020 में) बनना नहीं चाहता था। लेकिन मुझे दवाब दिया गया कि आप संभालिए। बाद के दिनों में जो कुछ भी हो रहा था, सब देख रहे थे। हमारी पार्टी के लोगों के कहने हम अलग हुए। 2024 में प्रधानमंत्री पद की दावेदारी पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नहीं, हमारी किसी भी पद के लिए कोई दावेदारी नहीं है। लेकिन जो 2014 में आए वो 2024 के बाद रह पाएंगे या नहीं?

बिहार के उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि आज बिहार ने वो कर दिखाया जो देश को करना है। हम लोगों ने सदन से लेकर सड़क तक बेरोजगारी की लड़ाई लड़ी है। मुख्यमंत्री जी के निर्णय से हम लोगों को एक मौका मिला है की जनता और नौजवानों के दुख दर्द को दूर कर सकें। रोजगार को लेकर हमारी मुख्यमंत्री जी से बात हुई है और 1 महीने के अंदर बिहार में लोगों को ऐसी बंपर नौकरियां मिलेगी जो किसी और राज्य में नहीं हुआ होगा।

केंद्रीय मंत्री व BJP नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि “आज ‘पलटूराम’ ‘कलटूराम’ बन गए।मुझे पता चला कि लालू यादव ने उन्हें(नीतीश कुमार)बधाई दी है।लालू यादव ने एक बार ट्वीट किया था कि वे एक सांप हैं,जैसे सांप अपनी त्वचा छोड़ता है, वे अपना गठबंधन छोड़ देते हैं और हर 2 साल में नया गठबंधन कर लेते हैं”