प्रियंका गाँधी ने राममंदिर भूमिपूजन का किया स्वागत बोली राम सबमें हैं राम सबके साथ हैं

प्रियंका गाँधी ने राममंदिर भूमिपूजन का स्वागत किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा “सरलता, साहस, संयम, त्याग, वचनवद्धता, दीनबंधु राम नाम का सार है। राम सबमें हैं, राम सबके साथ हैं। भगवान राम और माता सीता के संदेश और उनकी कृपा के साथ रामलला के मंदिर के भूमिपूजन का कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का अवसर बने। ”

प्रियंका गाँधी ने कहा कि आगामी 5 अगस्त, 2020 को रामलला के मंदिर के भूमिपूजन का कार्यक्रम रखा गया है। भगवान राम की कृपा से यह कार्यक्रम उनके संदेश को प्रसारित करने वाला राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का कार्यक्रम बने।

प्रियंका गाँधी ने कहा कि भगवान राम आश्रय हैं और त्याग भी। राम सबरी के हैं, सुग्रीव के भी। राम वाल्मीकि के भी हैं और भास के भी। राम कंबन के हैं और एषतुच्छन के भी। राम कबीर के हैं, तुलसीदास के हैं, रैदास के हैं, सबके दाता राम हैं गांधी के रघुपति राघव राजा राम सबको सम्मति देने वाले हैं। युग-युगांतर से भगवान राम का चरित्र भारतीय भूभाग में मानवता को जोड़ने का सूत्र रहा है।