भारी हंगामे के बीच विजय कुमार सिन्हा बिहार विधानसभा के अध्यक्ष चुने गये

विपक्ष द्वारा भारी हंगामे के बीच आज भारतीय जनता पार्टी के विजय कुमार सिन्हा बिहार विधानसभा के अध्यक्ष निर्वाचित हो गए हैं। कार्यकारी अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने चुनाव परिणाम की घोषणा करते हुए बताया कि विजय कुमार सिन्हा को 126 और महागठबंधन के उनके प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार अवध बिहारी चौधरी को 114 मत मिले।

इससे पहले, विपक्षी दलों ने अध्यक्ष का चुनाव गुप्त मतदान से कराने की मांग की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके दो मंत्रियों अशोक चौधरी और मुकेश सहनी की सदन में उपस्थिति पर भी यह कहते हुए आपत्ति जताई कि वे सदन के सदस्य नहीं हैं।

बिहार विधानसभा के नए अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा शेखपुरा निर्वाचन क्षेत्र से चार बार विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। नीतीश कुमार की पिछली सरकार में वे श्रम मंत्री थे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्रियों तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी तथा विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी।