महात्मा गांधी की जयंती पर राष्ट्रपति प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने किया नमन

पूरे देश में आज महात्मा गांधी की जयंती की जयंती मनाई जा रही है। महात्मा गांधी की जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने नमन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘हम गांधी जयंती के अवसर पर प्यारे बापू को नमन करते हैं। उनके जीवन और अनमोल विचारों से सीखने की कोई सीमा नहीं है। मैं मंगल-कामना करता हूं कि बापू के आदर्श सदैव ही एक समृद्ध और करुणामय भारत बनाने में हमारा मार्गदर्शन करते रहें।’

महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने कहा “गांधीजी की 151वीं जयंती, उनके जीवन और चिंतन के आलोक में अपनी प्राथमिकताएं तय करने और अपने हृदय की गहराई से उनकी आवाज को फिर से सुनने का एक पुनीत अवसर है।” उन्होंने कहा कि गांधीजी ने करुणा पर आधारित एक अलग तरह की राजनीति विकसित की, जिसमें समकालीन विश्व के सभी अहम सवालों के जवाब निहित हैं। शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व, आर्थिक व सामाजिक समानता के लिए व्यक्ति, संगठन और राष्ट्र को क्या करने की जरूरत है, यह गांधीजी बडे़ विस्तार से बताते हैं।

राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने कहा गांधीजी के पास हमें देने के लिए बहुत कुछ है, खासकर आज की स्थिति में, जब हम एक वैश्विक महामारी का सामना कर रहे हैं। प्लेग की महामारी के दौरान उन्होंने सेवा और स्वच्छता के काम में खुद को झोंक दिया था और नि:स्वार्थ सेवा का आदर्श प्रस्तुत किया था।

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा कि आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जन्म जयंती को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में स्वीकार कर विश्व ने पूज्य बापू के सत्य और अहिंसा के सन्देश को समझा और अपनाया है। महायुद्धों और उपनिवेशवाद के उस कठिन दौर में बापू ने न्यायपूर्ण और शांतिपूर्ण विश्व के लिए, सत्य और अहिंसा के सनातन भारतीय आदर्शों को अपनाने का आग्रह किया था। आतंकवाद, विस्तारवाद और महामारी के इस दौर में पूज्य बापू का जीवन संदेश विश्व के लिए आज कहीं अधिक प्रासंगिक है।

गृहमंत्री अमितशाह ने कहा कि गांधी जी के असाधारण व्यक्तित्व व साधनापूर्ण जीवन ने विश्व को शांति, अहिंसा और सद्भाव का मार्ग दिखाया। स्वदेशी के उपयोग को बढ़ाने के उनके स्वप्न को पूर्ण करने के लिए आज पूरा देश मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ स्वदेशी को अपना रहा है। गांधी जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन एवं दर्शन समस्त भारतवासियों के लिए प्रेरणा है। भारत की स्वतंत्रता के लिए आंदोलन करने के साथ-साथ उन्होंने हमें सत्य, अहिंसा, स्वराज और स्वच्छता के विषय में भी नई दृष्टि और दर्शन के बारे में भी जाग्रत किया है। पूज्य बापू की जयंती पर मैं उन्हें नमन करता हूँ।

स्वास्थ्य मंत्री राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती पर कोटिशः नमन्। उनका जीवन हमें विनम्रता और सादगी का संदेश देता है। सत्य-अहिंसा, सद्भाव, समरसता व स्वच्छता का उनका संदेश संपूर्ण मानवता के लिए सर्वदा प्रासंगिक रहेगा। बापू के सिद्धांत और आदर्श आज भी देशवासियों लिए प्रेरणास्रोत हैं।