मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ से प्रभावित हुई फसल की क्षतिपूर्ति के लिए किसानों को अनुदान राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बाढ़ से प्रभावित हुई फसल की क्षतिपूर्ति के लिए किसानों को कृषि निवेश अनुदान राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में बाढ़ के कारण 20 जनपद प्रभावित हुए थे जिसमें लगभग साढ़े 3 लाख किसान प्रभावित हुए। आज 3,48,511 किसानों को 1,13,20,66,000 रुपए की राशि उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं किसान भाइयों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि केंद्र व प्रदेश सरकार आपके हित में कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है कि आपके जीवन में खुशहाली आए, इसके लिए लागत का डेढ़ गुना दाम और न्यूनतम समर्थन मूल्य प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के बावजूद प्रदेश के सभी बाढ़ प्रभावित जनपदों में युद्धस्तर पर राहत कार्य देखने को मिला। इस दौरान यह प्रयास किया गया कि प्रभावितों को राहत सामग्री पर्याप्त मात्रा में प्राप्त हो।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनपदों में किसान बंधु जिलाधिकारीगण के साथ जुड़ रहे हैं। मैं सभी से कहूंगा कि किसानों को कोई समस्या नहीं आनी चाहिए। उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य हर हाल में प्राप्त हो, यह सुनिश्चित करना जिलाधिकारियों का दायित्व है। जहां कहीं भी जिलाधिकारियों को लगता है कि किसानों का शोषण हो रहा है, किसानों के साथ अन्याय हो रहा है, वहां शोषण व अन्याय करने वाले तत्वों के साथ सख्ती के साथ निपटने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारा प्रयास होना चाहिए कि हर जनपद में मुआवजे की राशि पीड़ित किसानों के अकाउंट में पहुंचे। किसानों ने अपनी मेहनत से कोरोना कालखंड में भी जो फसल तैयार की है, उसने अर्थव्यवस्था को एक नई जान दी है। किसानों द्वारा की गई मेहनत के प्रति हमारा यह दायित्व बनता है कि किसानों के साथ हर सुख-दुःख में मजबूती के साथ खड़े रहें। उन्होंने कि आने वाले समय में हम किसान बंधुओं को बाढ़ जैसी आपदा से बचाने के लिए पुख्ता व्यवस्था कर करेंगे, जिससे बाढ़ को नियंत्रित करने में मदद मिल सके।