योगी आदित्यनाथ नई दिल्ली में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-कर्टेन रेजर सेरेमनी में सम्मिलित हुए

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज नई दिल्ली में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-कर्टेन रेजर सेरेमनी में सम्मिलित हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक प्रगतिशील और परिवर्तनकारी यात्रा के शिखर पर है। प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन का एक प्रमुख स्तंभ भी उत्तर प्रदेश है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिफॉर्म, परफॉर्म एवं ट्रांसफॉर्म के मंत्र को उत्तर प्रदेश में लागू किया है। विगत साढ़े 05 वर्षों के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार ने आर्थिक विकास एवं समृद्धि की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। प्रदेश सरकार ने सक्षम नीतिगत समर्थन एवं विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा प्रदान कर प्रदेश के अंदर एक कारोबारी माहौल भी दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प के अनुरूप भारत की इकोनॉमी को $5 ट्रिलियन इकोनॉमी बनाने हेतु उत्तर प्रदेश को ग्रोथ इंजन के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन करना है। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने $1 ट्रिलियन इकोनॉमी से संबंधित आगामी 05 वर्ष के कार्यक्रम को आप सबके सामने प्रस्तुत किया है। इस दृष्टि से प्रदेश सरकार आगामी 10 से 12 फरवरी- 2023 तक प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023’ का आयोजन कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने 13 वर्तमान व आगामी एक्सप्रेस-वे के साथ स्वयं को ‘एक्सप्रेस-वे राज्य’ के रूप में स्थापित किया है। लखनऊ, वाराणसी एवं कुशीनगर में मौजूदा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित हैं। उत्तर प्रदेश, देश में निवेश हेतु सबसे आकर्षक गंतव्य के रूप में दुनिया का ध्यान आकर्षित कर रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के साथ ही ‘ईज ऑफ स्टार्टिंग बिजनेस’ पर भी पूरा ध्यान दे रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश, देश का एकमात्र राज्य है जहां 05 शहरों में मेट्रो रेल सुविधा उपलब्ध है। प्रदेश में विद्युत इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ किया गया है। उत्तर प्रदेश, भारत के ‘फूड बास्केट’ के रूप में जाना जाता है। पूरे प्रदेश में संचालित 72 से अधिक विश्वविद्यालयों एवं 169 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के साथ उत्तर प्रदेश भारत का सबसे अधिक युवा जनसंख्या वाला प्रदेश भी है। उत्तर प्रदेश की नई औद्योगिक नीति एक विकल्प आधारित मॉडल प्रदान करती है, जो उत्पादन, रोजगार एवं निर्यात को प्रोत्साहित करती है। उत्तर प्रदेश, PM गतिशक्ति नेशनल मास्टर प्लान को लागू करने वाले अग्रणी राज्यों में से एक है

खबरों के लिए राष्ट्रकुण्डलिनी न्यूज पर जाये और राष्ट्रकुण्डलिनी न्यूज के ट्विटर हैंडल को भी फॉलो करें।