विकास दुबे को मध्यप्रदेश पुलिस ने किया गिरफ्तार

कानपुर में 8 पुलिसवालों हत्या करने वाले 5 लाख के इनामी विकास दुबे को आज मध्यप्रदेश पुलिस ने उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया है। उसको गिरफ्तार करने के लिए कई राज्यों की पुलिस दिन रात मेहनत कर रही थी। अब तक यूपी पुलिस विकास दुबे के पांच साथियों को एनकाउंटर में मार गिराया है।

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी विकास दुबे की गिरफ्तारी की पुष्टि की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मंदिर के पुजारी ने पुलिस को बुलाकर विकास दुबे की जानकारी दी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कानपुर की नृशंस घटना के बाद से ही हमने पूरे मध्य प्रदेश और पुलिस को अलर्ट कर रखा था, जैसे ही संदेह हुआ उसे उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार कर लिया गया।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उज्जैन से विकास दुबे की गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की। मध्य प्रदेश पुलिस उसे उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंपेगी। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जिनको लगता है कि महाकाल की शरण में जाने से उनके पाप धूल जाएंगे उन्होंने महाकाल को जाना ही नहीं। हमारी सरकार किसी भी अपराधी को बख़्शने वाली नहीं है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा जिनको लगता है की महाकाल की शरण में जाने से उनके पाप धूल जाएँगे उन्होंने महाकाल को जाना ही नहीं। हमारी सरकार किसी भी अपराधी को बख्श्ने वाली नहीं है। उन्होंने आगे लिखा विकास दुबे की गिरफ़्तारी के लिए उज्जैन पुलिस को बधाई। मैंने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात कर ली है। शीघ्र आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी। मध्यप्रदेश पुलिस, विकास दुबे को उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंपेगी।

विकास दुबे की गिरफ्तारी पर अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा ख़बर आ रही है कि ‘कानपुर-काण्ड’ का मुख्य अपराधी पुलिस की हिरासत में है. अगर ये सच है तो सरकार साफ़ करे कि ये आत्मसमर्पण है या गिरफ़्तारी. साथ ही उसके मोबाइल की CDR सार्वजनिक करे जिससे सच्ची मिलीभगत का भंडाफोड़ हो सके.