शास्त्रीय संगीत के महान गायक पंडित जसराज हुआ निधन राष्ट्रपति प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने जताया दुःख

शास्त्रीय संगीत के महान गायक पंडित जसराज का आज 90 वर्ष की आयु में अमेरिका में दिल का दौरा पड़ने के कारन निधन हो गया। उनका निधन आज सुबह 5.15 बजे हुआ। पंडित जसराज का निधन होना भारतीय शास्त्रीय संगीत जगत के लिए बड़ी क्षति है।। महान भारतीय शास्‍त्रीय संगीतकार के परिवार की ओर से बताया गया है कि पंडित जसराज ने हृदयगति रूक जाने से आज सुबह अंतिम सांस ली। वे मेवाती घराने के गायक थे। पंडित जसराज भारतीय शास्त्रीय संगीत के सबसे प्रमुख गायकों में से एक थे। वर्ष 2000 में पंडित जसराज को भारत के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पदम विभूषण से सम्मानित किया गया था।

पंडित जसराज को संगीत विरासत में मिली थी. उनका जन्म ऐसे परिवार में हुआ था जिसकी चार पीढ़ियां संगीत से जुड़ी रहीं पंडित जसराज का संगीत का सफर करीब आठ दशक का रहा। हालांकि वे मेवाती घराने से थे लेकिन उन्‍हें खयाल की परम्‍परागत गायकी और ठुमरी के लिए भी जाना जाता है। पंडित जसराज ने ऑस्‍कर जीतने वाली फिल्‍म लाइफ ऑफ पाई में अपनी आवाज दी थी। भारत सरकार ने उन्‍हें 1975 में पद्मश्री, 1990 में पद्मभूषण और वर्ष 2000 में पद्मविभूषण से सम्‍मानित किया था। 1987 में उन्‍हें संगीत नाटक अकादमी पुरस्‍कार दिया गया।

पंडित जसराज के निधन पर राष्‍ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने व्‍यक्‍त किया है। राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर कहा कि संगीत विभूति व अद्वितीय शास्त्रीय गायक पंडित जसराज के निधन से दुख हुआ। पद्म विभूषण से सम्मानित पंडितजी ने आठ दशकों की अपनी संगीत यात्रा में लोगों को भावपूर्ण प्रस्तुतियों‌ से आनंद विभोर किया। उनके परिवार, मित्रगण व संगीत‌-पारखी लोगों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं!

उपराष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर कहा कि प्रख्यात संगीतविद् और गायक पंडित जसराज जी के निधन पर दुखी हूं, उनका निधन भारतीय शास्त्रीय संगीत जगत के लिए बड़ी क्षति है। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को आशीर्वाद दें। ओम शांति

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंडित जसराजजी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा, “पंडित जसराजजी के दुर्भाग्यपूर्ण निधन से भारतीय सांस्कृतिक जगत में एक गहरा शून्य पैदा हो गया है। न केवल उनकी प्रस्तुतियां उत्कृष्ट थीं, बल्कि उन्होंने कई अन्य गायकों के लिए एक असाधारण गुरु के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। उनके परिवार और दुनिया भर में उनके प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।”

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विख्यात शास्त्रीय गायक पंडित जसराज के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। एक ट्वीट में अमित शाह ने कहा कि “संगीत मार्तंड पंडित जसराज जी एक असाधारण कलाकार थे जिन्होंने अपनी जादुई आवाज़ से भारतीय शास्त्रीय संगीत को समृद्ध किया। उनका निधन व्यक्तिगत हानि के समान है। वे अपनी अद्वितीय रचनाओं के माध्यम से हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति शोक संवेदना। ओम शांति”।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित जसराज के निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ है। मेवाती घराना से जुड़े पंडितजी का सम्पूर्ण जीवन सुर साधना में बीता। सुरों के संसार को उन्होंने अपनी कला से नए शिखर दिए। उनके जाने से संगीत का बड़ा स्वर मौन हो गया है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी ने ट्वीट कर लिखा पंडित जसराज जी का निधन संगीत जगत को एक बड़ी क्षति है। वे अपने अमर गायन के माध्यम से सदैव हमारे बीच रहेंगे। उनके परिवार और प्रियजनों को संवेदनाएँ। उनकी स्मृति को मेरा नमन।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर लिखा मां शारदे के कृपापात्र, भारतीय शास्त्रीय संगीत के शलाका पुरुष, पद्म विभूषण पं.जसराज जी का निधन दुःखद है। आपने आजीवन स्वर साधना करते हुए वैश्विक क्षितिज पर भारतीय शास्त्रीय संगीत को प्रतिष्ठापित किया। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा पद्म विभूषण पण्डित जसराज जी के देहावसान पर भावभीनी श्रद्धांजलि! उनके प्रशंसकों के हृदयों में उनका अमर गायन सदैव गुंजायमान रहेगा…