कोरोना से पिछले 24 घंटों में 79000 से अधिक मरीज ठीक हुए

भारत में रोजाना बड़ी तादाद में रोगियों का स्वस्थ होना जारी है। निरंतर ऊपर की तरफ बढ़ रही रिकवरी दर आज 78.28 फीसदी तक पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 79,292 रोगियों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। कुल ठीक होने वाले रोगियों की संख्या 38,59,399 हैं। ठीक होने वाले रोगियों और सक्रिय मामलों के बीच का अंतर लगातार बढ़ रहा है। आज यह अंतर लगभग 28 लाख (28,69,338) से अधिक हो गया है।देश में आज कुल सक्रिय मामलों की संख्या 9,90,061 है।

राजेश भूषण, सचिव, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि भारत में रिकवर मामलों की संख्या 38 लाख 50 हजार से ज्यादा हो गई है। पिछले सप्ताह हमने कुल 76 लाख टेस्ट किए। सक्रिय मामलों की संख्या देश में कुल मामलों का सिर्फ 1/5 है। देश में 5 राज्य ऐसे हैं जिनमें देश के कुल सक्रिय मामलों के 60% मामले हैं। देशभर के कुल सक्रिय मामलों में से महाराष्ट्र में 29% से अधिक, आंध्रप्रदेश में लगभग 9%, कर्नाटक में लगभग 10%, उत्तर प्रदेश में 6.8% और तमिलनाडु में लगभग 4.7% मामले हैं।

उन्होंने कहा कि देश में 18 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं जिनमें कुल सक्रिय मामलों की संख्या 5000 से 50,000 के बीच है। केवल 4 राज्य ऐसे हैं जहां सक्रिय मामलों की संख्या 50,000 से अधिक है।

करीब आधे (48.8 फीसदी) सक्रिय मामले तीन राज्यों महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश राज्यों से सामने आए हैं। करीब एक चौथाई (24.4 प्रतिशत) सक्रिय मामले उत्तर प्रदेश, ​तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, ओडिशा, केरल और तेलंगाना राज्यों से सामने आए हैं।

पिछले 24 घंटों में 1,054 मौतें हुई हैं। नई मौतों में से, लगभग 69 फीसदी महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और दिल्ली जैसे पांच राज्यों/केन्द्र शासित प्रदेशों में हुईं हैं। महाराष्ट्र (29,894 मौतों) में 37 फीसदी से अधिक मौतें दर्ज हुई हैं। पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 34.44 फीसदी (363 मौतें) मौतें हुई हैं।