केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का निधन। उनके बेटे चिराग पासवान ने ट्वीट कर दी जानकारी।
लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक और वरिष्ठ नेता केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का आज निधन हो गया। रामविलास पासवान पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। उनकी हाल ही में हार्ट सर्जरी हुई थी। तभी से वे अस्पताल में भर्ती थे रामविलास पासवान की उम्र 74 वर्ष थी। उनके बेटे चिराग पासवान ने ट्वीट कर उनके मौत की जानकारी दी। चिराग पासवान ने ट्वीट कर लिखा “पापा….अब आप इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन मुझे पता है आप जहां भी हैं हमेशा मेरे साथ हैं। Miss you Papa…”
केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन के बाद पूरे देश में शोक की लहर छा गई। पूरे देश से सोशल मिडिया पर शोक एवं संवेदनाएं प्रगट की जा रही हैं। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री मोदी समेत सभी नेताओं केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर दुःख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर संवेदना व्यक्त की।
Shri Ram Vilas Paswan Ji rose in politics through hardwork and determination. As a young leader, he resisted tyranny and the assault on our democracy during the Emergency. He was an outstanding Parliamentarian and Minister, making lasting contributions in several policy areas. pic.twitter.com/naqx27xBoj
— Narendra Modi (@narendramodi) October 8, 2020
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन से देश ने एक दूरदर्शी नेता खो दिया है। उनकी गणना सर्वाधिक सक्रिय तथा सबसे लंबे समय तक जनसेवा करने वाले सांसदों में की जाती है। वे वंचित वर्गों की आवाज़ मुखर करने वाले तथा हाशिए के लोगों के लिए सतत संघर्षरत रहने वाले जनसेवक थे। आपातकाल विरोधी आंदोलन के दौरान जयप्रकाश नारायण जैसे दिग्गजों से लोकसेवा की सीख लेनेवाले पासवान जी फायरब्रांड समाजवादी के रूप मे उभरे। उनका जनता के साथ गहरा जुड़ाव था और वे जनहित के लिए सदा तत्पर रहे। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदना।
गृहमंत्री अमितशाह ने कहा कि भारतीय राजनीति व केंद्रीय मंत्रिमंडल में उनकी कमी सदैव बनी रहेगी और मोदी सरकार उनके गरीब कल्याण व बिहार के विकास के स्वपन्न को पूर्ण करने के लिए कटिबद्ध रहेगी। मैं उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ और दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूँ। ॐ शांति
गृहमंत्री अमितशाह ने कहा कि चाहे 1975 के आपातकाल के विरुद्ध संघर्ष करना हो या मोदी सरकार में कोरोना महामारी में गरीब कल्याण के मंत्र को सार्थक करना हो, राम विलास पासवान जी ने इन सभी में अद्वितीय भूमिका निभाई है। कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रहते हुए, पासवान जी अपने सरल व सौम्य व्यक्तित्व से सबके प्रिय रहे। सदैव गरीब और वंचित वर्ग के कल्याण व अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले हम सबके प्रिय राम विलास पासवान जी के निधन से मन अत्यंत व्यथित है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा राष्ट्रहित और जनकल्याण को सर्वोपरि रखा। उनके स्वर्गवास से भारतीय राजनीति में एक शून्य उत्पन्न हो गया है।
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री व वरिष्ठ सांसद श्री राम विलास पासवान जी के निधन के निधन का सुनकर गहरा दुख हुआ। सार्वजनिक व संसदीय जीवन में हमारा लम्बा साथ रहा… और उनकी बहुत सी मधुर यादें अभी भी मेरे जेहन में हैं। अपने लंबे और यशस्वी राजनैतिक जीवन में वे दुर्बल वर्गों की एक सशक्त आवाज रहे। श्री पासवान जी लोकतान्त्रिक मूल्यों के अनुकरणीय प्रतिनिधि रहे… अंतिम सांस तक देश की सेवा करते रहे। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों, मित्रों और समर्थकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति!
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्री रामविलास पासवान जी का निधन मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक है। अपने लम्बे राजनीतिक जीवन में उन्होंने हमेशा ग़रीबों, दलितों एवं वंचितों के कल्याण के लिए काम किया। उनकी गिनती बिहार की मिट्टी से जुड़े क़द्दावर नेताओं में थी और उनके सभी दलों के साथ अच्छे सम्बंध थे। रामविलासजी के निधन से बिहार राज्य और राष्ट्रीय राजनीति में भी बड़ी रिक्तता पैदा हो गयी है। उनके साथ मेरी बहुत लम्बी और अच्छी मित्रता थी। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। इस दुःख की घड़ी में ईश्वर उनके परिवार एवं समर्थकों को संबल प्रदान करें। ॐ शान्ति!
रेल मंत्री पियूष गोयल ने कहा कि रामविलास पासवान जी के निधन का दुःखद समाचार मिला, वह एक कुशल राजनीतिज्ञ और गरीबों, शोषितों, वंचितों के सच्चे हितैषी थे। उनके यूं असमय चले जाने से भारतीय राजनीति में एक ऐसा स्थान रिक्त हुआ है, जिसे पूर्ण करना असंभव है। ईश्वर उनकी आत्मा को मोक्ष प्रदान करें। ॐ शांतिः
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूँ। उन्होंने आजीवन समाज के वंचित-अभावग्रस्त वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। दुख की घड़ी में परिवार के प्रति गहन संवेदनाएँ।
ॐ शान्ति !
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावेड़कर ने कहा कि श्री रामविलास पासवान जी के निधन से अत्यधिक दुःख हुआ। वह दलित और पिछड़े तबकों के लिए जिंदगी भर संघर्ष करते रहे। मंत्रिमंडल में भी वह सक्रिय रहते थे। वह एक जिंदादिल नेता थे। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवारजनों के साथ हैं। ॐ शांति।
केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान जी के निधन की खबर से मैं स्तब्ध हूं। उनको मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। गरीब, वंचित तथा शोषितों के उत्थान में पासवान जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को संबल दे। ॐ शांति।
कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गाँधी ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर दुख व्यक्त किया है उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान जी के असमय निधन का समाचार दुखद है। ग़रीब-दलित वर्ग ने आज अपनी एक बुलंद राजनैतिक आवाज़ खो दी। उनके परिवारजनों को मेरी संवेदनाएँ।
बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री व बिहार के प्रमुख नेताओं में से एक श्री रामविलास पासवान के निधन की खबर अति-दुःखद। उनके परिवार व पार्टी के लोगों के प्रति गहरी संवेदना।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्रीय मंत्री व लोकप्रिय राजनेता श्री रामविलास पासवान जी के निधन से मन दुःखी है। वह भारतीय राजनीति में वंचित समुदाय के ओजस्वी स्वर थे। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने परमधाम में स्थान प्रदान करें। ॐ शांति!
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि लोकप्रिय जननेता श्री रामविलास पासवान जी के निधन पर विनम्र श्रद्धांजलि! दुख की इस असीम घड़ी में हम सब शोक संतप्त परिवार के साथ हैं.
प्रियंका गाँधी ने कहा कि रामविलास पासवान जी वर्षों से मेरी माँ के पड़ोसी रहे और उनके परिवार के साथ हमारा एक निजी रिश्ता था। उनके निधन की सूचना से बेहद दुःख हुआ है। चिराग जी और परिवार के समस्त सदस्यों को मेरी गहरी संवेदना। इस दुखद घड़ी में हम आपके साथ हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने कहा कि केंद्रीय मंत्री एवं लोकप्रिय राजनेता राम विलास पासवान जी के निधन से मुझे व्यक्तिगत तौर पर दुःख पहुंचा है। उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।
तेजस्वी यादव ने कहा कि न्यायप्रिय राजनीति और दलित वंचित चेतना के मज़बूत स्तंभ अभिभावक आदरणीय श्री रामविलास पासवान जी के निधन से दुखी हूँ।
शोषित, वंचित, उत्पीड़ित वर्ग उनके योगदान को सदैव याद रखेगा। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।