प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से “हर घर तिरंगा अभियान” को मजबूत करने को कहा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने “हर घर तिरंगा अभियान” को मजबूत बनाने के लिए सभी लोगों से आग्रह किया है। पीएम मोदी ने स्वतंत्र भारत के लिए ध्वज का सपना देखने वालों के अदम्य साहस और प्रयासों को भी याद किया। उन्होंने हमारे तिरंगे से जुड़ी समिति और पंडित नेहरू द्वारा फहराए गए पहले तिरंगे के विवरण सहित इतिहास की कुछ दिलचस्प बातें भी साझा कीं हैं। उन्होंने कहा कि 22 जुलाई का हमारे इतिहास में विशेष महत्व है, क्योंकि 1947 में आज ही के दिन हमारे राष्ट्रीय ध्वज को अंगीकार किया गया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर कहा है कि “इस साल, जब हम आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, आइए हम हर घर तिरंगा अभियान को मजबूत करें। 13 से 15 अगस्त के बीच तिरंगा फहराएं या अपने घरों में इन्हें प्रदर्शित करें। यह अभियान राष्ट्रीय ध्वज के साथ हमारे जुड़ाव को और मजबूती देगा।”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आगे कहा कि “आज, 22 जुलाई की हमारे इतिहास में विशेष प्रासंगिकता है। 1947 में इसी दिन हमारे राष्ट्रीय ध्वज को अंगीकार किया गया था। इतिहास से कुछ दिलचस्प बातें साझा कर रहा हूँ, जिनमें हमारे तिरंगे से जुड़ी समिति का विवरण और पंडित नेहरू द्वारा फहराया गया पहला तिरंगा शामिल हैं।”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आगे कहा कि “आज, हम उन सभी लोगों के अदम्य साहस और प्रयासों को याद करते हैं, जिन्होंने स्वतंत्र भारत के लिए एक ध्वज का सपना देखा था, जब हम औपनिवेशिक शासन के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे। हम उनकी दृष्टि को पूरा करने और उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं।”