अखिलेश यादव ने कहा भाजपा राज में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर भाजपा राज में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। मुख्यमंत्री जी जिस जीरो टालरेंस की दुहाई देते नहीं थकते हैं वह सिर्फ एक जुमला बनकर रह गया है। सरकार और शासन-प्रशासन पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त है। थाना-तहसील का क्या कहना वह तो भ्रष्टाचार में पूरी तरह डूबी हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जुलाई महीने की रिपोर्ट बताती है कि गंगा सफाई के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार पनप रहा है। गंगा सफाई को आस्था का विषय बताने वाली भाजपा ने मां गंगा को भी धोखा दिया है। कानपुर में 800 करोड़ रूपए खर्च करने पर भी गंगा में कई जगह आक्सीजन की मात्रा घातकस्तर तक कम हो गई है। टेनरी और सीवरेज का कचरा नालों के जरिए सीधे गंगा नदी में गिर रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि सच तो यह है कि जब सत्ता, शासन-प्रशासन ही पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त है तो प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और जल निगमों से क्या उम्मीद की जाए। गोरखपुर में राप्ती-रोहिन नदी में रोज साढ़े सात करोड़ लीटर गंदा पानी गिर रहा है। रामगढ़ ताल में 18 नालो की गंदगी गिर रही हैं। हाईकोर्ट की फटकार के बाजवूद सरकार के कान में जूं नहीं रेंग रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर भी सिर्फ कमाई और लूट का खेल चल रहा है। बारिश होते ही महानगरों में घंटों बिजली बंद रहती है। देश भर में सबसे ज्यादा महंगी बिजली उत्तर प्रदेश में है। राजधानी लखनऊ की मुख्य सड़कों तक पर जल भराव के कारण यातायात अस्तव्यस्त हो जाता है। मोहल्लों में गंदगी का ढेर होने से संक्रमित बीमारी डायरिया, डेंगू बुखार का प्रकोप बढ़ गया है। मुरादाबाद में बारिश में ताल-तलैया के दृश्य दिखाई देते हैं। आगरा सहित पूरे प्रदेश में सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण प्रतिदिन दुर्घटनाएं होने से लोगों की जाने जा रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि बरेली नगर निमग में 30 हजार वाली लाइटें 70 हजार रूपए में खरीदी गईं। करोड़ों का घपला छुपाने की जुगत ढूंढी जा रही है। कई जनपदों में स्कूलों में न पीने का पानी है और न ही जल निकासी का इंतजाम है। हजारों बच्चे बिना यूनीफार्म के पढ़ाई करने जा रहे हैं। परिषदीय विद्यालयों में कहीं चहारदीवारी नहीं तो कहीं बच्चों से विद्यालय में सफाई कराई जाती है। कई जगह घरों से बच्चों को पानी लाना पड़ता है। ज्यादातर स्थानों में शौचालयों की समस्या है।

अखिलेश यादव ने कहा कि सच तो यह है कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार सत्ता में बने रहने के लिए समाज में सिर्फ नफरत फैलाने का काम कर रही है जिससे कि उसकी सत्ता बनी रहे। भाजपा नेतृत्व को संविधान की ली गई शपथ का भी जरा भी ख्याल नहीं है। भाजपा सरकार की ध्वस्त कानून व्यवस्था के कारण जनता अन्याय और भ्रष्टाचार से त्रस्त है। महंगाई की मार से लोग परेशान है। जनता अब भाजपा सरकार से ऊब चुकी है।